हिन्दी के रामकथात्मक उपन्यासों में भाषा प्रयोग

  • डॉ. एम. नारायण रेड्डी

Abstract

भारतीय जन-जीवन में रामकथा का एक विशिष्ट स्थान है, क्योंकि, वह ज्ञान का भंडार है। सत्य और धर्म, भक्ति और मुक्ति, भोग और त्याग, अनुराग और विराग इन सबका समन्वय प्रस्तुत करनेवाली प्रशस्त कथा, रामकथा वास्तव में भारतीयता का अक्षय कोश है। रामकथा के सम्बन्ध में प्राय: कहा जाता है कि जो रामकथा में नहीं है वह विश्व में भी नहीं है, क्योंकि, रामकथा केवल भारत की ही संपत्ति नहीं है, बल्कि वह मानव मात्र की महिमा का गुणगान करनेवाली विश्वजनीन कथा है। वह देश, काल और व्यक्ति की परिकल्पित सीमाओं से परे है। विचारक इस तथ्य को स्वीकार करते हैं कि वाल्मीकीय रामायण ने भारतीय साहित्य एवं सामाजिक चिन्तन को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। वे उसे वेद तुल्य मानते हैं। इस प्रकार, वह हमारी सामाजिक सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है।

रामायण और रामचरितमानस भारतीय जन-जीवन एवं जीवन-दर्शन के प्रतिनिधि महाकाव्य हैं। उन में प्राचीन और मध्ययुग की कालगत दूरी तो है, पर देशगत दूरी नहीं है। अपनी अन्तश्चेतना में वे अत्यन्त समीप हैं। अब तक के काव्य रूपी रामकथा को समकालीन उपन्यासकारों ने गद्य का रूप दिया है। अर्थात्, उन्होंने उपन्यास के शिल्प-विधान के अनुसार रामकथा को औपन्यासिक रूप देकर एक नया प्रयोग हिन्दी साहित्य में किया है। यह कहना उचित होगा कि मैंने परम्परा के अंतर्गत स्रोत-ग्रन्थों के रूप में वाल्मीकीय रामायण एवं तुलसी कृत रामचरितमानस को लिया है, तथा रामकथात्मक उपन्यासों के रूप में निम्नलिखित उपन्यासों को लिया है। रामकथा को आधुनिक परिवेश में प्रस्तुत करने का प्रयत्न नरेन्द्र कोहली ने अपने चारों उपन्यासों– ‘दीक्षा’, ‘अवसर’, ‘संघर्ष की ओर’ और ‘युद्ध’ दो भागों में किया है। उसी प्रकार, प्रणव कुमार वन्द्योपाध्याय ने अपने चारों उपन्यासों– ‘अमृतपुत्र’, ‘पदातिक’, ‘पंचवटी’ और ‘अरण्यकाण्ड’ में किया है। ऐसे ही, डॉ. रमानाथ त्रिपाठी ने अपने  ‘रामगाथा’ उपन्यास में, और भगवान सिंह ने ‘अपने अपने राम’ नामक उपन्यास में किया है। प्रस्तुत शोध आलेख में रामकथात्मक उपन्यासों में भाषा प्रयोग का विवेचन परम्परा के सापेक्ष्य में किया गया है। इस प्रकार,  उपरोक्त रामकथात्मक उपन्यासों में शब्द भण्डार की दृष्टि से कुछ तत्सम, तद्भव, देशज, अरबी-फारसी और आंचलिक शब्दों का उल्लेख किया गया है। साथ ही उपन्यासों में प्रयुक्त कुछ मुहावरे एवं लोकोक्तियों का उल्लेख भी किया गया है। फिर पात्रानुकूल एवं आलंकारिक भाषा की परख स्रोत-ग्रन्थों एवं उपन्यासों में की गई है।

Published
2021-11-25